बस्ती जनपद के हरदिया क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत अमित कुमार उर्फ़ उमेश पुत्र राजाराम ग्राम बसिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार को घटना की जानकारी मिलते ही मृतक अमित कुमार के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में पेट्रोल पंप परिसर पहुंच गए और शव को वहीं रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मृतक अमित कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर परिजनों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की।
इसी बीच मृतक की माता ने इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि परिजन युवक को इलाज के लिए टीवी हॉस्पिटल के पास स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर गए थे, लेकिन वहां इलाज के दौरान घोर लापरवाही बरती गई, जिसके चलते युवक की मौत हो गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अस्पताल कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल मोती चंद राजभर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाएगी।
फिलहाल पेट्रोल पंप परिसर में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी परिजनों व ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
बहरहाल, पूरे प्रकरण में पेट्रोल पंप प्रबंधन और अस्पताल की कथित लापरवाही से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जल्द सामने आने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: परमानन्द मिश्रा
