जनपद बस्ती के कोतवाली थाना क्षेत्र के मनहनडीह गांव में होली पर्व के दौरान रंग डालने और कपड़ा फाड़ने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई, जिससे आसपास के लोगों और राहगीरों को भी असुविधा और अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ा।

मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित होने से रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में हरिदास उर्फ मजनू, कुलदीप उर्फ गोपी, सचिन, रतन, रोहन, पूनम, महिमा, रवि, शिवकुमार उर्फ पिल्लू, संदीप उर्फ भोला, अमन, वंश बहादुर उर्फ मन्नू, राजन, रामरति, साधना, जलधारी, पूनम, आरती, लाली और प्रभावती देवी शामिल हैं। सभी आरोपी मनहनडीह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 170, 126 और 135 बीएनएसएस (BNSS) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए माननीय न्यायालय सदर, बस्ती भेज दिया।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पवन कुमार मौर्य के साथ कांस्टेबल साजिद जमाल, आशुतोष, अर्जुन यादव, स्कन्द यादव तथा महिला कांस्टेबल शशि दूबे, पूजा पाठक, कमली यादव और पीआरडी नीतू शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि होली जैसे त्योहार पर किसी भी प्रकार की अशांति या विवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट : परमानन्द मिश्रा
