बस्ती। जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल से जा रहे एक किशोर की जान चली गई। गिदही स्थित बस्ती–गोरखपुर मार्ग पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने साइकिल सवार बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बच्चे की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।

यह दुर्घटना सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गिदही पावर हाउस के पास बस्ती–गोरखपुर मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान मनहनडीह गांव निवासी 10 वर्षीय पीयूष कुमार के रूप में हुई है।



घटना स्थल से सामने आई तस्वीरों में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है, जबकि परिजन गहरे सदमे में डूबे नजर आ रहे हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
