बस्ती से बड़ी खबर | खाकी की गरिमा पर जीरो टॉलरेंस: महिला सिपाही प्रकरण में एसपी डॉ. यशवीर सिंह का सख्त एक्शन, कोतवाल लाइन हाजिर
बस्ती। जनपद पुलिस महकमे में अनुशासन और मर्यादा को लेकर बड़ा संदेश सामने आया है। महिला सिपाही से कथित बदसलूकी के मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने त्वरित और कड़ा रुख अपनाते हुए बस्ती कोतवाली प्रभारी दिनेश चौधरी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

मामला प्रकाश में आते ही कप्तान ने बिना किसी देरी के विभागीय स्तर पर समीक्षा कर कार्रवाई सुनिश्चित की। इस निर्णय के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और इसे महज एक प्रशासनिक फेरबदल नहीं, बल्कि जवाबदेही और पारदर्शिता की दिशा में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, महिला कर्मी के सम्मान से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण को उच्चाधिकारियों ने गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि विभाग में आचरणहीनता या अनुशासनहीनता के लिए कोई स्थान नहीं है—चाहे संबंधित अधिकारी किसी भी पद पर क्यों न हो।
एसपी के इस निर्णायक कदम से यह संकेत साफ है कि “खाकी की गरिमा सर्वोपरि” है और नियमों की अवहेलना करने वालों पर कठोर कार्रवाई तय है।
जनपद में इस कार्रवाई को एक सख्त प्रशासनिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जो न केवल विभागीय अनुशासन को मजबूत करेगा बल्कि महिला कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर भरोसा भी बढ़ाएगा।
रिपोर्ट : परमानन्द मिश्रा
