Breaking
2 Mar 2026, Mon

नगर बाजार में भीषण आग: अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने पीड़ितों को दी 30 हजार की सहायता

नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने पीड़ितों का हौसला बढ़ाया, दी 30 हजार की आर्थिक मदद


बस्ती। नगर बाजार में आधी रात अचानक कबाड़ की एक दुकान में भीषण आग भड़क उठी, जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों ने पास की दो फल की दुकानों और एक सब्जी की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में एक गाय की मौत होने की सूचना भी सामने आई है। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग कैसे लगी, इसका स्पष्ट कारण नहीं पता चल सका, हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि मानसिक रूप से कमजोर एक किशोर ने नगर के कई स्थानों पर आग लगाई, जिस मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है।
आग बुझाने के दौरान बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट हो गया और तार टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे आग और भड़क उठी। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। श्री राना ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। बाद में उन्होंने अधीक्षण अभियंता से संपर्क कर जानकारी दी, जिसके बाद प्रभावित क्षेत्र की बिजली कटवाई गई। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही की शिकायत मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। आग लगने के लगभग एक घंटे बाद तक बिजली चालू रहने से बड़ा हादसा हो सकता था।
मंगलवार सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचीं और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने गिरीश चंद्र गुप्ता, जितेंद्र कुमार सोनकर, राकेश सोमवार और मनोज कुमार सोनकर को अपने विवेकाधीन कोष से 30,000 रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त मकानों के पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। साथ ही उन्होंने उपजिलाधिकारी बस्ती से भी पीड़ित परिवारों को आर्थिक राहत उपलब्ध कराने की मांग की।

रिज़वान खान की रिपोर्ट
AKP News 786