Breaking
2 Mar 2026, Mon

प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, शीतलहर में भी नहीं डिगा हौसला

By Aijaz Alam Khan

बस्ती: गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर जिले में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शास्त्री चौक पर एकत्र हुए। ठिठुरन भरी सर्दी के बावजूद कार्यकर्ताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सभी ने भारतीय जनता पार्टी कार्यालय का घेराव करने के उद्देश्य से सरकार विरोधी नारे लगाते हुए मार्च शुरू किया।


प्रदर्शन की सूचना पर प्रशासन पहले से सतर्क रहा और शास्त्री चौक सहित आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें शास्त्री चौक पर ही रोकने का प्रयास किया। हालांकि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ते हुए दीवानी कचहरी गेट के पास तक पहुंच बनाई। यहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भाजपा कार्यालय की ओर जाने से उन्हें रोक दिया। कुछ देर तक नोकझोंक और नारेबाजी का माहौल बना रहा, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।


इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ईडी, सीबीआई और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है और देश को तानाशाही की ओर ले जाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ‘वोट चोरी’, ‘गद्दी छोड़ो’ और ईडी-सीबीआई के दुरुपयोग जैसे मुद्दों को लेकर पूरे देश में जनजागरण अभियान चला रही है। यह संदेश गांव-गांव, गली-गली तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि आम जनता को सच्चाई से अवगत कराया जा सके।
नेशनल हेराल्ड मामले का उल्लेख करते हुए विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि जिस तरह से श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं को फर्जी और मनगढ़ंत मामलों में फंसाने का षड्यंत्र रचा गया, वह अब पूरी तरह उजागर हो चुका है। अदालत के फैसलों ने यह सिद्ध कर दिया है कि सत्य को परेशान किया जा सकता है, लेकिन पराजित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह फैसला भाजपा की राजनीति पर करारा तमाचा है।
पूर्व विधायक अम्बिका सिंह, ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ‘ज्ञानू’, अनिल भारती, डॉ. वाहिद अली सिद्दीकी, शौकत अली नन्हू, संदीप श्रीवास्तव, अलीम अख्तर, डॉ. आलोक रंजन, बाबूराम सिंह, नर्वदेश्वर शुक्ल, लक्ष्मी यादव, डॉ. शीला शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश की संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा जमाकर लोकतंत्र का गला घोंट रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
नेताओं ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में आए फैसले से यह साफ हो गया है कि सरकार कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं को झूठे मामलों में उलझाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि देश की आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से त्रस्त है। डॉलर के मुकाबले रुपये की लगातार गिरावट देश की अर्थव्यवस्था की कमजोर स्थिति को दर्शाती है, लेकिन भाजपा सरकार इन गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाकर अपनी कथित उपलब्धियों का प्रचार करने में लगी हुई है।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि अब जनता सब कुछ समझ चुकी है और भाजपा की नीतियों से ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाले और जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ने वाले मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। आने वाले समय में कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर और भी व्यापक आंदोलन करेगी।
वोट चोरी, गद्दी छोड़ो, ईडी और सीबीआई के कथित दुरुपयोग जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में गिरजेश पाल, रामधीरज चौधरी, अमर बहादुर शुक्ल, शेर मोहम्मद, सुधीर यादव, आलोक तिवारी, दूधनाथ पटेल, रविन्द्र सिंह, डी.एन. शास्त्री, राहुल चौधरी, राम बचन भारती, अतीउल्ला सिद्दीकी, चन्द्रशेखर वर्मा, विनय तिवारी, अनूप पाठक, सलाहुद्दीन, मो. अशरफ अली, सुनील पाण्डेय, जगदीश शर्मा, राम पूरन चौधरी, राम बहादुर सिंह, अफजल हुसैन, यशराज के.के., प्रताप नारायण मिश्र, वृजभान कन्नौजिया, उमेश उपाध्याय, राजकपूर, अजय सिंह, साधू पाण्डेय, दिलीप श्रीवास्तव, प्रशान्त पाठक, विश्वजीत, शुभम गांधी, विशाल गुप्ता, राजेन्द्र गुप्ता, शंकर यादव, निशान्त श्रीवास्तव, राजेन्द्र विक्रम, जय प्रकाश चौबे, दुर्गेश चौधरी, बसंत चौधरी, विष्णुमणि त्रिपाठी, मनीष दूबे, शोभित चौधरी, फकरूद्दीन खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिज़वान खान की रिपोर्ट
AKP News 786