बहराइच। जनपद बहराइच के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केडीसी रोड पर मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित कपड़ा व्यापारी अफसर भाई की दुकान में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ थी कि कुछ ही मिनटों में दुकान में रखा लाखों रुपये का कपड़ा जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार आगजनी में करीब 20 से 30 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस व अग्निशमन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
व्यापारी अफसर भाई ने बताया कि दुकान में नए सीजन का भारी स्टॉक मौजूद था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता व उचित मुआवजे की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर चिंता का माहौल है।
रिपोर्ट : इमरान खान
AKP News 786
