Breaking
2 Mar 2026, Mon

ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, कोतवाली में दर्ज हुआ मुकदमा

By Aijaz Alam Khan

बस्ती। ब्राह्मण समाज को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में आर.के. आर्टियन और अमरजीत आर्या के खिलाफ थाना कोतवाली बस्ती में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा, बस्ती के पदाधिकारियों की तहरीर पर की गई है।


मामला 29 दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है, जब आर.के. आर्टियन ने मीडिया को दिए गए एक बाइट में ब्राह्मण समाज के लिए “विदेशी”, “डीएनए जांच” जैसे शब्दों का प्रयोग करते हुए कथित रूप से अपशब्द कहे और अमरजीत आर्या का बत्तमीजी भरा बयान सामने आने के बाद ब्राह्मण समाज में गहरी नाराजगी देखी गई और इसे समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला बताया गया।
राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह के बयान न केवल समाज को बदनाम करने का प्रयास हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंच और मीडिया के माध्यम से इस प्रकार की टिप्पणी करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है।
इसी क्रम में 30 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा, बस्ती के प्रतिनिधियों ने थाना कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। मीडिया बाइट, वीडियो क्लिप और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस पूरे प्रकरण को लेकर ब्राह्मण समाज के लोगों में रोष बना हुआ है। संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि समाज की गरिमा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

परमानन्द मिश्रा की रिपोर्ट
AKP News 786