Breaking
2 Mar 2026, Mon

रूधौली की चौपाल में केंद्र व यूपी बजट पर मंथन, कार्यकर्ताओं में उत्साह

By Aijaz Alam Khan

बस्ती। रूधौली विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को भाजपा द्वारा आयोजित चौपाल कार्यक्रम में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के बजट 2026 को लेकर व्यापक चर्चा की गई। अरदा मैरिज हॉल परिसर में पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।


कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद वक्ताओं ने केंद्रीय बजट 2026 के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार के बजट को “ऐतिहासिक” बताते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी दल बजट को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि इसमें ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की हानि हो।


उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर बजट की सकारात्मक पहलुओं की जानकारी दें और विपक्ष की भ्रामक टिप्पणियों से लोगों को गुमराह न होने दें। जायसवाल ने ऐतिहासिक बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, यशकांत सिंह, पुष्करादित्य सिंह और दुष्यंत विक्रम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं, किसानों, महिलाओं और उद्यमियों को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा।
चौपाल में ब्लॉक प्रमुखों, विधानसभा व मंडल पदाधिकारियों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों, महिला सशक्तिकरण से जुड़ी कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में विजय तिवारी, रामनिवास गिरी, राकेश उपाध्याय, अरविंद चौरसिया, सुजीत सोनी, अतुल यादव, श्यामनाथ चौधरी, रामउग्रह जायसवाल, प्रदीप सिंह, रवि प्रताप सिंह, के.डी. पांडेय, शमी विचिलमणि पांडेय, चंद्रभान गुप्ता, प्रिंस जायसवाल, रजनीश चौधरी, मनोज सिंह, राजकुमार चौधरी समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और चौपाल संवाद के माध्यम से बजट की दिशा और प्रभाव पर विस्तार से मंथन किया गया।

रिपोर्ट : रिज़वान खान

AKP News 786