Breaking
2 Mar 2026, Mon

राज्यपाल से महिला सभासद ने की लैबुडवा तालाब बस्ती के चिन्हांकन और पार्क निर्माण की मांग

लैबुडवा तालाब बस्ती

By Aiajz Alam Khan

राज्यपाल से महिला सभासद ने किया लैबुडवा तालाब बस्ती के चिन्हांकन, पार्क निर्माण की मांग

बस्ती: जिले के रौतापार क्षेत्र स्थित लैबुडवा तालाब बस्ती को लेकर एक अहम पहल सामने आई है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लैबुडवा तालाब के निकट ट्रांसजेंडरों के लिए बनाए गए गरिमा गृह का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उद्घाटन किया।

इस अवसर पर वार्ड नंबर 12 की महिला सभासद मंजू श्रीवास्तव ने राज्यपाल को एक पत्र सौंपते हुए क्षेत्र के विशालकाय लैबुडवा तालाब बस्ती के चिन्हांकन, जीर्णोद्धार, सुंदरीकरण और वहां पार्क निर्माण कराने की मांग की।

सभासद मंजू श्रीवास्तव ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि तालाब के चारों ओर कई मोहल्लों की घनी आबादी निवास करती है, लेकिन बच्चों, महिलाओं, बहनों और बुजुर्गों के लिए टहलने, शारीरिक व्यायाम, खेलकूद और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों हेतु कोई व्यवस्थित स्थल उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने कहा कि लैबुडवा तालाब बस्ती क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण धरोहर है, लेकिन वर्तमान समय में यह धीरे-धीरे अतिक्रमण का शिकार होता जा रहा है। यदि समय रहते तालाब का चिन्हांकन और संरक्षण नहीं कराया गया, तो भविष्य में यह महत्वपूर्ण जलस्रोत समाप्त होने की कगार पर पहुंच सकता है।

महिला सभासद ने प्रशासन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तालाब की सीमाओं का निर्धारण कराने और अतिक्रमण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।

उन्होंने आगे बताया कि तालाब के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण के बाद यहां वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और हरित पार्क विकसित किया जा सकता है। इससे क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलेंगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

साथ ही यह स्थान सामाजिक गतिविधियों और परिवारों के लिए एक सुरक्षित, स्वच्छ और मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित हो सकेगा। इस पहल से वार्ड के निवासियों में उत्साह का माहौल है।

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि लैबुडवा तालाब बस्ती का समुचित विकास किया जाता है, तो क्षेत्र की सुंदरता में वृद्धि होगी और लोगों को शहर से बाहर जाए बिना बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लोगों ने उम्मीद जताई है कि राज्यपाल और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे।

रिजवान खान की रिपोर्ट

AKP News 786