बस्ती। श्री कृष्ण मिशन हॉस्पिटल परिसर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान हॉस्पिटल प्रबंधन ने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपनी भावी योजनाओं का खुलासा किया। प्रेस को संबोधित करते हुए हॉस्पिटल के प्रमुख बसंत चौधरी ने कहा कि “सभी रोगों की बेहतरीन और किफायती चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
उन्होंने बताया कि श्री कृष्ण मिशन हॉस्पिटल केवल इलाज का केंद्र नहीं, बल्कि आमजन के विश्वास और सेवा भावना का प्रतीक है। मरीजों को आधुनिक तकनीक, अनुभवी चिकित्सकों और मानवीय संवेदनाओं के साथ इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उन्हें बड़े शहरों की ओर भटकना न पड़े।
हृदय रोग उपचार की सुविधा जल्द
प्रेस वार्ता में बसंत चौधरी ने एक अहम घोषणा करते हुए कहा कि “जल्द ही हॉस्पिटल में हृदय रोग जैसे असाध्य और जटिल रोगों के इलाज की सुविधा शुरू की जाएगी।” इसके लिए अत्याधुनिक मशीनें, विशेषज्ञ कार्डियोलॉजिस्ट और इमरजेंसी केयर सिस्टम की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हॉस्पिटल का उद्देश्य मुनाफा नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए विशेष सुविधाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान मौजूद पत्रकारों ने हॉस्पिटल की इस पहल को क्षेत्र के लिए “स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नया अध्याय” बताया। कार्यक्रम का समापन जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता और सेवा भाव के संकल्प के साथ हुआ।
रिपोर्ट : परमानन्द मिश्रा
