जनपद बस्ती में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली लूट की एक सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना छावनी पुलिस ने एसओजी, स्वाट व सर्विलांस टीम के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाते हुए लूट की वारदात में शामिल तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूट की पूरी धनराशि 48,000 रुपये, पीड़िता का हैंडबैग, महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन भी बरामद किया है।
घटना दिनांक 12 दिसंबर 2025 की है, जब थाना छावनी क्षेत्र के ग्राम बभनगावा निवासी एक महिला से अज्ञात बदमाशों ने करीब 48 हजार रुपये लूट लिए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा हो गया था। पीड़िता की तहरीर पर थाना छावनी में मु0अ0सं0 297/2025 के अंतर्गत धारा 304 बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। थाना छावनी पुलिस के साथ-साथ एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम को भी इस खुलासे में लगाया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और सर्विलांस इनपुट के आधार पर पुलिस लगातार अभियुक्तों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
इसी क्रम में दिनांक 16 दिसंबर 2025 को पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी। संयुक्त पुलिस टीम ने दोपहर करीब 14 बजकर 09 मिनट पर रहमतुल्ला के बंद मुर्गी फार्म के पास, साबित अली के बाग राम जानकी रोड से तीनों वांछित अभियुक्तों को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हर्षित कुमार रंजन (20 वर्ष), बृजेश कुमार (19 वर्ष) तथा राजकुमार उर्फ लड्डू लाल (20 वर्ष), सभी निवासी रेवरादास, थाना हरैया, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर लूट की पूरी रकम 48,000 रुपये बरामद की गई, जो महिला से छीनी गई थी। इसके अतिरिक्त पीड़िता का हैंडबैग, तीन बचत खाता पासबुक, बीएलओ कार्ड, पैन कार्ड, मुफ्त उपचार कार्ड, आधार कार्ड, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन (सैमसंग कंपनी) और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल प्लैटिना (वाहन संख्या UP72 S 9350) भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना छावनी में पंजीकृत मुकदमे में धारा 309(4), 317(2) बीएनएस एवं 207 मोटर वाहन अधिनियम की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही नियमानुसार की जा रही है।
इस सफल अभियान में थाना छावनी के थानाध्यक्ष श्री जनार्दन प्रसाद की भूमिका सराहनीय रही। उनके नेतृत्व में स्वाट प्रभारी उप निरीक्षक चंदन कुमार, एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास यादव, सर्विलांस टीम के उप निरीक्षक शेषनाथ यादव सहित थाना छावनी, स्वाट, एसओजी व सर्विलांस टीम के कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। टीमवर्क, सतर्कता और पेशेवर रणनीति के चलते पुलिस को यह सफलता मिली।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से अपराधियों में भय पैदा होगा और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। वहीं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराध करने वालों को चिन्हित कर कानून के दायरे में लाना पुलिस की प्राथमिकता है।

पुलिस का यह सफल खुलासा न सिर्फ पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि बस्ती पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह मुस्तैद और प्रतिबद्ध है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी हरैया द्वारा दी गयी बाइट
परमानंद मिश्रा की रिपोर्ट
AKP NEWS 786
