बस्ती। क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देते हुए विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश के सतत प्रयासों से एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को प्रशासनिक गति मिल गई है। बस्ती क्षेत्र अंतर्गत प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग ने राज सड़क निधि योजना के तहत लालगंज–बिरितिया वाया बानपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित कर दिया है। इस परियोजना के लिए लगभग 31.50 करोड़ रुपये का विस्तृत आगणन भेजा गया है।

यह मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में था, जिससे क्षेत्रवासियों—विशेषकर किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों—को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही थी। संकरे बंधे पर आमने-सामने वाहनों के आने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे आवागमन बाधित होता था। प्रस्तावित चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर एमएलसी सुभाष यदुवंश ने कहा कि “सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं। लालगंज से बानपुर मार्ग का चौड़ीकरण लंबे समय से जनता की प्रमुख मांग थी। विभाग द्वारा आगणन भेजा जाना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि जनता को शीघ्र राहत मिल सके।”
परियोजना को मिली इस प्रशासनिक प्रगति पर स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री यदुवंश के प्रति आभार जताया है और उम्मीद व्यक्त की है कि शासन से शीघ्र स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को मजबूती मिलेगी।
रिपोर्ट : रिज़वान खान
AKP News 786
