संत कबीर नगर। इफको एमसी एवं गन्ना विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार, 09 फरवरी 2026 को गन्ना विकास इंटर कॉलेज, खलीलाबाद में निःशुल्क नेत्र चिकित्सक शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें निःशुल्क जांच व परामर्श उपलब्ध कराना रहा।
अयोध्या आई हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों ने बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के मरीजों की आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया। कुल लगभग 350 कृषकों व बच्चों ने शिविर का लाभ उठाया, जिनमें 138 लोगों को चश्मा तथा 173 को आई ड्रॉप वितरित की गई। साथ ही शुगर व बीपी की भी जांच की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री अमर राय रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. दिनेश्वर मिश्र (गन्ना आयुक्त मुख्यालय) एवं उप गन्ना आयुक्त पूर्वी क्षेत्र गोरखपुर श्री यशपाल सिंह उपस्थित रहे। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. अंगद सिंह, खलीलाबाद अध्यक्ष हरकेश चौधरी, मुंडेरवा अध्यक्ष सुरेंद्र राय, गोविंद नगर अध्यक्ष पुष्करादित्य सिंह, प्रबंधन श्री सोभित कुमार शर्मा, प्रधानाचार्य श्री अभिषेक शर्मा, सचिव भगवत शरण दीक्षित, एस.एन. राय सहित गन्ना विभाग, चीनी मिल व इफको से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
इफको एमसी के सीनियर रीजनल मैनेजर श्री आशीष सेमवाल, टीबीई अजीत सिंह, उपेन्द्रनाथ व योगेन्द्र कुमार की सक्रिय भागीदारी रही। अपने संबोधन में डॉ. दिनेश्वर मिश्र ने कहा कि नेत्र स्वास्थ्य जीवन का महत्वपूर्ण आधार है और ऐसे शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने किसान हित में इफको एमसी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
शिविर में रुचिर महिला स्वयं सहायता समूह, उमरिया पांडेय तथा अंजली महिला स्वयं सहायता समूह, गौरापार की गतिविधियों की भी जानकारी दी गई। अंत में श्री आशीष सेमवाल ने सभी अतिथियों, किसानों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट : रिज़वान खान
