बस्ती – आगामी होली तथा जमात-उल-विदा (अलविदा जुमा) / रमजान के अंतिम शुक्रवार एवं रमजान समापन से जुड़े त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी बस्ती एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती ने संयुक्त रूप से की। इसमें जनपद के सभी थाना क्षेत्रों से हिंदू और मुस्लिम समुदाय के संभ्रांत नागरिकों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक आयोजनों का सम्मान करें। विशेष रूप से त्योहारों के दौरान अफवाहों, भड़काऊ संदेशों और सोशल मीडिया पर फैलाए जाने वाले भ्रामक पोस्ट से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की स्थिति में तुरंत निकटतम थाना या प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

प्रशासन ने दोहराया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
अंत में सभी नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और सद्भाव बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने तथा साम्प्रदायिक सौहार्द की परंपरा को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
रिपोर्ट : परमानन्द मिश्रा
