जनपद बस्ती में कृषि, पोषण और सुशासन के समन्वय का सशक्त संदेश देते हुए पंडित अटल बिहारी वाजपेई प्रेक्षागृह में मिलेट्स रेसिपी एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती, उनके जन्म शताब्दी वर्ष के समापन तथा सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया, जिसमें प्रशासन, जनप्रतिनिधि, कृषक, छात्र-छात्राएं और आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय चौधरी, जिलाधिकारी बस्ती महोदया श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विवेकानन्द मिश्रा, हरैया, महादेवा एवं कप्तानगंज विधानसभाओं के माननीय विधायकों के प्रतिनिधियों द्वारा मिलेट्स स्टॉल एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन कर किया गया। इसके उपरांत मिलेट्स पुनरुद्धार योजना एवं फार्मर रजिस्ट्री के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जनपद के प्रत्येक विकासखंड एवं न्याय पंचायत में किसानों को मिलेट्स की खेती, पोषण महत्व और आर्थिक लाभों के प्रति जागरूक करेगा।

इस अवसर पर भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर उपस्थित अतिथियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के माननीय उपाध्यक्ष श्री महेश शुक्ला एवं माननीय विधायक हरैया श्री अजय सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विवेकानन्द मिश्रा ने कहा कि मिलेट्स न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि यह किसानों की आय बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि दैनिक खानपान में मिलेट्स आधारित व्यंजनों को शामिल कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों व राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को आत्मसात करें। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय चौधरी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार कृषकों के हित में निरंतर योजनाएं चला रही हैं, जिनका उद्देश्य किसानों की आय दोगुनी करना और कृषि को लाभकारी बनाना है। उन्होंने अटल जी के आदर्शों—सुशासन, राष्ट्रवाद और जनकल्याण—को अपनाने का संदेश दिया।
मिलेट्स रेसिपी कार्यक्रम में जनपद की प्रतिभाशाली छात्राओं की रचनात्मकता देखने को मिली। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बेगम खैर कन्या इंटर कॉलेज एवं पाण्डेय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा मिलेट्स से बने विविध व्यंजनों की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं संकर रेस्टोरेंट द्वारा बाजरा एवं ज्वार से बने डोसा और इडली तथा बी-टेक चायवाला द्वारा ज्वार एवं मक्का से बने पकौड़ों का प्रदर्शन कर आमजन को पारंपरिक अनाजों की आधुनिक उपयोगिता से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम में दुरकर एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, व्हाइट पर्ल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी एवं साई बाबा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा ज्वार, बाजरा, सांवा, कोदो एवं रागी के दाने और आटे के स्टॉल लगाए गए। इसके अतिरिक्त महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल, इफको के ड्रोन का लाइव प्रदर्शन, पराग एवं रेशम विभाग तथा कृषि विभाग की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रेक्षागृह में इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं काव्य पाठ ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक ऊंचाई प्रदान की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं एवं श्रेष्ठ स्टॉल/प्रदर्शनी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक, बस्ती मंडल श्री राम बचन राम, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक श्री राजेश कुमार, उप कृषि निदेशक श्री अशोक कुमार गौतम, जिला कृषि अधिकारी श्री बी.आर. मौर्य, जिला कृषि रक्षा अधिकारी श्री रतन शंकर ओझा, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राज मंगल चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संजय सिंह सहित अन्य जनपदीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने स्पष्ट संदेश दिया कि मिलेट्स केवल अतीत का अनाज नहीं, बल्कि भविष्य का पोषण हैं और अटल बिहारी वाजपेयी जी के सुशासन के विचार आज भी किसानों, युवाओं और समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं।
रिज़वान खान की रिपोर्ट
AKP News 786
