Breaking
2 Mar 2026, Mon

आपदा से निपटने को तैयार युवा शक्ति: बस्ती में CATC-177 एनसीसी शिविर संपन्न

By Aijaz Alam Khan

बस्ती | चौधरी चरण सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में आयोजित CATC-177 (युवा आपदा मित्र) शिविर का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 12 जनवरी से 23 जनवरी तक चले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में उत्तर प्रदेश के 7 आपदा प्रभावित जनपदों से आए 515 एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ सहभागिता की।


शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स को आपदा के समय प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता (First Responder) के रूप में तैयार करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और जन-जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान के साथ-साथ व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन टीमों, जिला आपदा विशेषज्ञों, फायर सेफ्टी विभाग, वन विभाग (डीएफओ), मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय एवं जिला प्रशासन के समन्वय से संपन्न हुआ। विशेषज्ञों ने आपदा की घड़ी में त्वरित निर्णय क्षमता, टीम वर्क और मानवीय सेवा के महत्व पर विशेष जोर दिया।
शिविर के दौरान गोरखपुर एनसीसी ग्रुप के ग्रुप कमांडर ने शिविर स्थल का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता के साथ-साथ कैडेट्स के अनुशासन व समर्पण की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि शिविर का आयोजन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA) के दिशा-निर्देशन में किया गया। समापन समारोह में कैडेट्स को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा उन्हें भविष्य में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया गया।
यह शिविर न केवल प्रशिक्षण का माध्यम रहा, बल्कि युवाओं में सेवा, साहस और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने वाला साबित हुआ।

रिपोर्ट : रिज़वान खान
AKP News 786