बस्ती/बढ़नी मिश्र (उ.प्र.) —
श्री मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ की तपोभूमि श्री वशिष्ठ आश्रम, बढ़नी मिश्र (निकट गोटवा) में आस्था, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। नव दिवसीय श्री वशिष्ठ रामकथा का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन श्री तुलसी पीठाधीश्वर, पद्म विभूषण जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के दिव्य सान्निध्य में प्रस्तावित है। इस आयोजन का नेतृत्व आदरणीय राणा दिनेश प्रताप सिंह कर रहे हैं।
इस संबंध में नृत्यधाम के संस्थापक एवं कथक गुरु मास्टर शिव ने आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 9 फरवरी 2026 को विधिवत भूमि पूजन होगा, जबकि 11 फरवरी 2026 को एक विराट एवं भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा बढ़नी मिश्र स्थित श्री वशिष्ठ आश्रम से प्रारंभ होकर अयोध्या धाम तक जाएगी। रथ यात्रा का उद्देश्य प्रभु श्री राम के संपूर्ण परिवार को आमंत्रण तथा स्वागत-सम्मान देना है, जिसे राणा दिनेश प्रताप सिंह भैया के नेतृत्व में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ सम्पन्न किया जाएगा।
मास्टर शिव ने बताया कि प्रभु श्री राम सहित चारों भाइयों की शिक्षा स्थली रही यह भूमि कथा-श्रवण के माध्यम से मर्यादा, धर्म और लोककल्याण के मूल्यों का संदेश देगी। कथा के उपरांत प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें जनपद, प्रदेश और देश के कलाकार मंच के माध्यम से प्रभु श्री राम की वंदना तथा उनके आदर्शों पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे।
विशेष आकर्षण के रूप में नृत्यधाम के कलाकारों द्वारा विशेष नृत्य-नाटिका का मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम में राजीव रंजन (निर्देशन), आदित्य सोनकर, शिवांगी, सूरज, माही, पलक चौधरी, सिमरन चौधरी, खुशी चौधरी, सविता, प्रीति यादव, नीलम शर्मा, राजकुमारी, संदीप एवं अंशु अपनी सशक्त कलाप्रस्तुतियों से कथा को जीवंत करेंगे।
प्रेस वार्ता के अंत में मास्टर शिव ने सम्पूर्ण जनपद एवं प्रदेशवासियों से सादर आग्रह किया कि वे अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर रामकथा का श्रवण करें, मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के गुणों को अपने जीवन में आत्मसात करें और आध्यात्मिक आनंद के साथ जीवन में कीर्ति स्थापित करें।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सांस्कृतिक विरासत और लोककलाओं के संरक्षण का भी सशक्त मंच सिद्ध होगा।
रिपोर्ट : रिज़वान खान
AKP News 786
