Breaking
2 Mar 2026, Mon

बस्ती में करियर संगोष्ठी का आयोजन, विशेषज्ञों ने दिया सही दिशा का संदेश

By Aijaz Alam Khan

बस्ती। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में, जहाँ विद्यार्थी अंकों और रैंक की होड़ में मानसिक दबाव से जूझ रहे हैं, वहीं दिल्ली स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस, बस्ती द्वारा आयोजित विशाल करियर मार्गदर्शन संगोष्ठी विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए आशा, संतुलन और सही दिशा का संदेश लेकर आई।


शनिवार, 31 जनवरी 2026 को विद्यालय परिसर में आयोजित “उद्देश्य, योजना और आगे की राह” विषयक इस संगोष्ठी में करियर एवं अभिभावक मार्गदर्शन विशेषज्ञ मुकेश शर्मा ने अपने सारगर्भित और प्रेरक विचारों से उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया।


मुख्य वक्ता मुकेश शर्मा ने अपने संबोधन में स्पष्ट शब्दों में कहा कि
“करियर कोई दौड़ नहीं है, बल्कि यह सोच-समझकर तय किया गया एक दीर्घकालिक सफर है।”
उन्होंने विद्यार्थियों को केवल अंकों और रैंक के आधार पर करियर चुनने की प्रवृत्ति से बचने की सलाह दी तथा कहा कि सही करियर वही है जो विद्यार्थी की रुचि, क्षमता और व्यक्तित्व के अनुरूप हो।


उन्होंने वर्तमान परीक्षा प्रणाली और बढ़ती प्रतिस्पर्धा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सफलता का मापदंड केवल शीर्ष स्थान प्राप्त करना नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, निरंतर प्रयास, मानसिक संतुलन और सकारात्मक दृष्टिकोण भी उतने ही आवश्यक हैं। लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच जैसे विषयों को उन्होंने सरल उदाहरणों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
अभिभावकों को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि बच्चों का भविष्य दबाव से नहीं, बल्कि सहयोग, विश्वास और सही मार्गदर्शन से संवरता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की तुलना दूसरों से न करने तथा उनकी रुचियों और क्षमताओं को समझकर उनका मार्गदर्शन करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ रसायन विज्ञान शिक्षक अशोक शुक्ला ने बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण और व्यावहारिक सुझाव साझा किए। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा एकीकृत शैक्षणिक कार्यक्रम की भी घोषणा की गई, जिसके अंतर्गत
कक्षा 6 से 10 तक प्रतिभा खोज परीक्षाएं तथा
कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए अभियंत्रिकी एवं चिकित्सा प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी विद्यालय स्तर पर ही कराई जाएगी।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक जे.पी. सिंह एवं प्रधानाचार्य गोपाल त्रिपाठी द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। संगोष्ठी का सफल एवं सशक्त संचालन दिव्या त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे, जिससे संगोष्ठी की सार्थकता और प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

रिपोर्ट : रिज़वान खान

AKP News 786