बस्ती।
आदर्श नगर पंचायत नगर में आयोजित अमर शहीद मेला देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और युवा प्रतिभाओं के उत्साह का जीवंत प्रतीक बनकर उभरा। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा अमर शहीद राजा उदय प्रताप नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अमर शहीद राजा उदय प्रताप नारायण सिंह का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। मातृभूमि के लिए सर्वस्व बलिदान करने वाले इस महान योद्धा की स्मृति में विद्यार्थियों को मंच प्रदान करना ही शहीद मेले का मुख्य उद्देश्य है।
उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अमर बलिदानियों की धरती की सेवा का अवसर मिलना गौरव की बात है। उन्होंने युवाओं से ऐतिहासिक विरासत पर गर्व करते हुए राष्ट्र और समाज सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
घने कोहरे के बावजूद सुबह सात बजे आयोजित 02 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता में सैकड़ों नन्हें धावकों ने भाग लेकर उत्साह का परिचय दिया। नगर पंचायत क्षेत्र के 40 विद्यालयों में से 39 सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने मनमोहक गायन एवं नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं एलोपैथिक, होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सकों की टीम द्वारा निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाकर मरीजों का उपचार किया गया।
प्रतियोगिताओं में बालिकाओं की 18 वर्ष आयु वर्ग दौड़ में चांदनी निषाद प्रथम, रश्मि द्वितीय एवं जिज्ञासा तृतीय स्थान पर रहीं। बालकों में शैलेश प्रथम, विशाल पाण्डेय द्वितीय तथा आदर्श कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी और नागरिक उपस्थित रहे।
रिज़वान खान की रिपोर्ट
AKP News 786
