Breaking
17 Apr 2026, Fri

शहीद वॉल पर इतिहास ने ली सांस, काकोरी के अनकहे पन्नों से रू-बरू हुआ प्रयागराज

By Aijaz Alam Khan

बस्ती:महुआ डाबर संग्रहालय की ओर से अमर शहीद राजेंद्र नाथ लाहिड़ी के बलिदान दिवस 17 दिसंबर से अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान दिवस तक आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम ‘शहादत से शहादत तक’ का समापन 19 दिसंबर 2025 को सिविल लाइन स्थित शहीद वॉल पर हुआ। समापन दिवस पर प्रातः 10 बजे से काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े दुर्लभ और मूल ऐतिहासिक दस्तावेजों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के स्वर्णिम अध्यायों को जीवंत कर दिया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन मशाल जलाकर शहीद क्रांतिकारी मणीन्द्रनाथ बनर्जी के वंशज अरुण बनर्जी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि काकोरी एक्शन में चार नहीं, बल्कि पांच शहीदों का स्मरण किया जाना चाहिए। राजेंद्रनाथ लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह, पं. रामप्रसाद ‘बिस्मिल’ और अशफाक उल्ला खां के साथ-साथ मणीन्द्रनाथ बनर्जी का नाम भी उसी श्रद्धा से लिया जाना चाहिए, जिन्होंने डिप्टी एसपी सीआईडी जितेंद्र बनर्जी को गोली मारने के बाद फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में अनशन करते हुए शहादत दी।

भारतीय क्रांतिकारी आंदोलन के विद्वान और महुआ डाबर संग्रहालय के महानिदेशक डॉ. शाह आलम राणा ने काकोरी ट्रेन एक्शन की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस तरह हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन को आर्थिक संकट से उबारने के लिए रणनीति बदली गई और अंततः 9 अगस्त 1925 को काकोरी एक्शन को अंजाम दिया गया। उन्होंने क्रांतिकारियों की संगठनात्मक सूझबूझ, विदेशी संपर्कों, माउजर पिस्तौल की खेप और पूरे घटनाक्रम को विस्तार से रेखांकित किया।

डॉ. राणा ने बताया कि महज 35 मिनट में सरकारी खजाना लूटा गया, जिसकी वास्तविक राशि 4679 रुपये 2 आना 2 पैसे थी, जबकि अंग्रेजी अखबारों ने इसे बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया। इसके बाद हुई गिरफ्तारियां, काकोरी षड्यंत्र केस, रौशनद्दौला कचहरी से मुकदमे का स्थानांतरण, और अंततः 17 व 19 दिसंबर 1927 को शहीदों की फांसी तक का पूरा इतिहास उन्होंने सिलसिलेवार रखा।

शहीद वॉल पर लगी इस प्रदर्शनी में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और क्रांतिकारियों से जुड़े मूल दस्तावेजों को देखकर भावुक व रोमांचित हुए। क्रांतिकारी चिंतक अविनाश गुप्ता और विजेंद्र अग्रहरी ने उपस्थित जनसमुदाय को प्रदर्शनी का अवलोकन कराया। उत्तम कुमार बनर्जी एडवोकेट, संजू चौधरी, वीरेंद्र पाठक, गौतम कुमार बनर्जी एडवोकेट सहित अनेक लोगों का सहयोग रहा।

प्रदर्शनी में महुआ डाबर संग्रहालय में संरक्षित कई दुर्लभ धरोहरें प्रदर्शित की गईं, जिनमें सप्लीमेंट्री काकोरी षड्यंत्र केस की जजमेंट फाइल, चीफ कोर्ट ऑफ अवध का निर्णय पत्र, प्रिवी काउंसिल लंदन की अपील फाइल, काकोरी केस की चार्जशीट, खुफिया विभाग की डायरी, क्रांतिकारियों की हस्तलिखित डायरियां, ‘सरफरोशी की तमन्ना’ की मूल प्रति, शहीदों के पत्र, ऐतिहासिक अखबारी रिपोर्टें, जेल जीवन की तस्वीरें और फांसी के बाद के दुर्लभ छायाचित्र शामिल रहे।

गौरतलब है कि जनपद बस्ती स्थित महुआ डाबर संग्रहालय 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में महुआ डाबर गांव की भूमिका को समर्पित एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक केंद्र है। वर्ष 1999 में स्थापित इस संग्रहालय में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी 200 से अधिक छवियां और सैकड़ों ऐतिहासिक अभिलेख संरक्षित हैं। वर्ष 2010 के उत्खनन में प्राप्त अवशेषों से इसके ऐतिहासिक महत्व की पुष्टि हुई है। आज यह भूमि ‘आजादी के महातीर्थ’ के रूप में जानी जाती है, जहां की प्रदर्शनी ने प्रयागराज को एक बार फिर शहादत के गौरवशाली इतिहास से जोड़ दिया।
*आग़ाज़ फ़ाउंडेशन ने किया सम्मान*
महुआ डावर संग्रहालय की प्रदर्शनी के पश्चात प्रयागराज की जानी मानी सामाजिक सांस्कृतिक संस्था आग़ाज़ फ़ाउंडेशन के संरक्षक डॉ वी के मिश्रा ,सचिव सुदीपा मित्रा ,सीमा भौमिक,अर्चना चौधरी,दोलन चक्रवर्ती,मौली मुस्तफ़ी के द्वारा अंगवस्त्रम श्रीफल व मानपत्र देकर डॉ शाह आलम अविनाश गुप्ता विजेंद्र अग्रहरि संजू चौधरी को सम्मानित किया

AKP NEWS 786