Breaking
2 Sep 2026, Wed

27 जुलाई से एबीवीपी का सदस्यता अभियान शुरू, बस्ती में 45 हजार विद्यार्थियों और 500 शिक्षकों को जोड़ने का लक्ष्य

By Editor Aijaz Alam Khan

बस्ती। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का सदस्यता अभियान 27 जुलाई से प्रारंभ होगा। संगठन ने बस्ती जिले में 45 हजार विद्यार्थियों एवं 500 शिक्षकों को सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह जानकारी जिला सदस्यता प्रमुख अमरेन्द्र पाण्डेय ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि अभियान गोरक्ष प्रान्त के सभी 10 प्रशासनिक एवं 17 संगठनात्मक जिलों में संचालित किया जाएगा, जबकि 4 अगस्त को अधिकतम सदस्यता दिवस के रूप में मनाया जाएगा।


प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एबीवीपी गोरक्ष प्रान्त के प्रान्त सहमंत्री बृजभूषण उपाध्याय ने प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े प्रश्नों का समाधान केवल संवाद, पारदर्शिता और संस्थागत सुधारों के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की न्यायोचित मांगों का राजनीतिक स्वार्थ या राष्ट्रविरोधी एजेंडे के लिए उपयोग किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। एबीवीपी सदैव विद्यार्थियों के हितों की रक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और उत्तरदायी बनाने के लिए कार्य करती रही है।
विभाग संयोजक शिखर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम सकारात्मक संवाद है। उन्होंने कहा कि हिंसा, अराजकता अथवा टकराव का वातावरण न तो विद्यार्थियों के हित में है और न ही राष्ट्रहित में। संगठन ने सभी विद्यार्थियों से शांति, संयम और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए अपनी बात रखने का आह्वान किया।
जिला संयोजक शिवेन्द्र सिंह सूर्यवंशी ने कहा कि एबीवीपी शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के मूल मंत्र के साथ छात्र हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने संगठन के आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान और छात्र हित से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला संगठन मंत्री अजय के साथ संदीप, देवेंद्र, सत्यम, दिव्यांश सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्ट रिजवान खान

एकेपी न्यूज 786