Breaking
21 Jul 2026, Tue

बस्ती में बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, डीएम और एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

By Editor Aijaz Alam Khan

बस्ती, 16 जुलाई 2026। जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों को बाढ़ से पहले आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।


जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता को तटबंधों की मरम्मत, कटान संभावित क्षेत्रों की पहचान और सुरक्षा कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निचले और बाढ़ प्रभावित इलाकों का चिन्हांकन करने को भी कहा।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया कि सभी सीएचसी और पीएचसी पूरी तरह सक्रिय रहें। जरूरत पड़ने पर मेडिकल कैंप लगाए जाएं और प्रत्येक बाढ़ चौकी पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा सांप काटने के इंजेक्शन, जीवन रक्षक दवाएं, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस का पर्याप्त भंडार रखने के निर्देश भी दिए गए।
पशुपालन विभाग को समय रहते भूसा और पशु चारे की व्यवस्था करने, पशुओं के टीकाकरण की तैयारी रखने तथा अस्थायी गोशालाओं के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।
आपूर्ति विभाग को शासन के मानकों के अनुसार बाढ़ राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को बाढ़ के दौरान बिजली आपूर्ति बंद और पुनः चालू करने में पूरी सावधानी बरतने को कहा गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में 16 बाढ़ चौकियां और 17 तटबंध हैं, जिनके रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी बाढ़ खंड प्रथम के पास है। अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि सभी तटबंधों पर कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, एसडीएम हर्रैया उमाकांत तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट परमानंद मिश्रा