बस्ती।
दिल्ली स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस में बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के मानसिक दबाव को कम करने एवं उन्हें परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण देने के उद्देश्य से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रेरणादायी कार्यक्रम “परीक्षा पे चर्चा” की भावना के अनुरूप एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में ऐलन (Allen) करियर इंस्टिट्यूट, कोटा (राजस्थान) से आए विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। मुख्य अतिथि के रूप में सीनियर कैंपस प्रिंसिपल श्री अमित जोशी, सीनियर फिजिक्स मेंटर श्री मनोज मेहता, सीनियर काउंसलर श्री करण शुक्ला एवं श्री अनुराग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक श्री जे. पी. सिंह एवं प्रधानाचार्य श्री गोपाल त्रिपाठी के साथ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीसीए इंचार्ज सुश्री दिव्या त्रिपाठी ने किया।

मुख्य अतिथि श्री अमित जोशी ने समय-सारणी बनाकर चरणबद्ध अध्ययन पर बल देते हुए विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर परीक्षा देने की सलाह दी। वहीं श्री मनोज मेहता ने स्टेप राइटिंग एवं संक्षिप्त उत्तर लेखन की तकनीकों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम के अंत में ओलंपियाड में ऑल इंडिया रैंक–1 प्राप्त करने वाले संस्कार मिश्रा सहित बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 विद्यार्थियों एवं श्रेष्ठ शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
रिपोर्ट: रिज़वान खान
AKP NEWS 786
