बहराइच: थाना रामगावं, नानपारा, पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध असलहे के साथ नेपाल भागने की फिराक में लगे शातिर अपराधी अर्जुन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक अपराधी चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध हथियार के साथ नेपाल सीमा की ओर भागने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर नानपारा क्षेत्र में घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपी अर्जुन सिंह ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। इसके बाद आरोपी को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और एक अवैध असलहा बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन ने पुलिस की तत्परता और साहस की सराहना की है।
–प्रवीण कुमार की रिपोर्ट
AKP News 786
