Breaking
22 Jul 2026, Wed

बनकटी को मिलेगा खेल विकास का नया आयाम, स्टेडियम शिलान्यास से खुलेगा स्वर्णिम अध्याय

बस्ती। नगर पंचायत बनकटी के इतिहास में 16 दिसंबर 2025 का दिन विकास की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बनने जा रहा है। नगर के समग्र विकास, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और खेल प्रतिभाओं को सशक्त मंच देने के उद्देश्य से प्रस्तावित स्टेडियम के शिलान्यास एवं भूमि पूजन समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

यह आयोजन बनकटी–बसौढ़ी मार्ग के समीप, वार्ड संख्या 05 वशिष्ठ नगर, बसौढ़ी में प्रातः 11 बजे संपन्न होगा।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर असम के प्रभारी, बस्ती के लोकप्रिय निवर्तमान सांसद एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य आदरणीय श्री हरिश द्विवेदी अपने कर-कमलों द्वारा स्टेडियम का शिलान्यास एवं भूमि पूजन करेंगे। नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार यह स्टेडियम केवल एक संरचना नहीं होगा, बल्कि युवाओं की ऊर्जा, अनुशासन और खेल कौशल को निखारने का केंद्र बनेगा, जिससे बनकटी की पहचान खेल नगरी के रूप में स्थापित हो सकेगी।
कार्यक्रम में सामाजिक सरोकारों को भी विशेष स्थान दिया गया है। शिलान्यास समारोह के साथ ही जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को कंबल वितरण किया जाएगा, जो मानवीय संवेदना और जनकल्याण की भावना को सुदृढ़ करेगा। आयोजकों का कहना है कि यह पहल विकास के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का भी सशक्त उदाहरण है।


नगर पंचायत बनकटी ने समस्त जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं देवतुल्य जनता जनार्दन से अपील की है कि वे अपनी गरिमामयी उपस्थिति से इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें और नगर के नव निर्माण, खेल संस्कृति के उत्थान तथा सामाजिक सशक्तिकरण की इस मुहिम को नई ऊर्जा प्रदान करें।

–अखिलेश पाल की रिपोर्ट
AKP News 786