Breaking
17 Apr 2026, Fri

बसपा नेता पर सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन | इटावा भूमि कब्जा मामला

बसपा नेता पर स्वतंत्रता सेनानी के नाम का बोर्ड लगाकर सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप, डीएम को सौंपा ज्ञापन

by Aijaz Alam Khan

इटावा भूमि कब्जा मामला एक बार फिर चर्चा में है। बसरेहर तहसील क्षेत्र के लोहिया खुर्द गांव के ग्रामीणों ने बसपा नेता सुधीन्द्र भदौरिया एवं जयचन्द्र भदौरिया पर सरकारी तथा निजी भूमि पर अवैध कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने पहले थाना दिवस में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने जिलाधिकारी इटावा को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की।

स्वतंत्रता सेनानी के नाम के दुरुपयोग का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि सुधीन्द्र भदौरिया (पुत्र स्व. अर्जुन सिंह) निवासी बसंत कुंज, नई दिल्ली तथा जयचन्द्र भदौरिया (पुत्र स्व. महावीर सिंह) निवासी जयप्रकाश नगर, इटावा ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया के नाम का दुरुपयोग किया है।

बताया गया कि ‘कमांडर के लोग’ नाम से एक कथित संगठन बनाकर जमीनों पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इटावा भूमि कब्जा मामला में स्वतंत्रता सेनानी के नाम का बोर्ड लगाकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।

कई गाटा संख्याओं पर अवैध निर्माण का आरोप

ज्ञापन के अनुसार राजस्व ग्राम अयारा लोहिया के गाटा संख्या 55 व 57 पर अवैध निर्माण कर लिया गया है। इसके अलावा गाटा संख्या 56 (तालाब) और गाटा संख्या 52 (खाद के गड्ढे) की भूमि को भी बाउंड्रीवाल के भीतर कर लिया गया है।

इसी प्रकार राजस्व ग्राम बहादुरपुर लोहिया, तहसील व जिला इटावा के गाटा संख्या 710, 702, 683 (नवीन परती), गाटा संख्या 712 (खलिहान), गाटा संख्या 703 (चकमार्ग), गाटा संख्या 695 (नाली) सहित अन्य आरक्षित श्रेणी की भूमि को भी निजी भूमि में मिलाने का आरोप लगाया गया है। यह पूरा प्रकरण इटावा भूमि कब्जा मामला को और गंभीर बना रहा है।

लघु किसानों की जमीन भी कब्जे में लेने का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि गाटा संख्या 697, 698, 699 और 701, जो अति लघु किसानों की भूमि है, उस पर भी कथित कब्जा कर लिया गया है। गाटा संख्या 699 की सह-खातेदार महिला किसान क्षमा देवी ने जब अपनी भूमि छोड़ने से इनकार किया तो उनके दिव्यांग पति चन्द्रवीर के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने और धमकी देने का आरोप लगाया गया।

गांव के जयेंद्र सिंह द्वारा विरोध करने पर उन्हें भी फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया था। इटावा भूमि कब्जा मामला में ग्रामीणों ने भविष्य में भी झूठे मुकदमों में फंसाने की आशंका जताई है।

डीएम से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम पर लगाए गए बोर्ड की आड़ में किए गए कथित अवैध कब्जों को तत्काल हटवाया जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट रेणुका दीक्षित को सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने वालों में चन्द्रवीर चौहान, चन्द्रोदय सिंह, अश्वनी कुमार, ऋषभ चौहान, राधाकृष्ण, जयेंद्र सिंह, अनिल कुमार, धर्मेंद्र कुमार, अवनीश कुमार, बलवीर सिंह, क्षमा देवी, शकुंतला सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

इटावा भूमि कब्जा मामला अब प्रशासनिक जांच का विषय बन गया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाया जाएगा।

AKP NEWS 786