Breaking
2 Mar 2026, Mon

राजन इंटरनेशनल एकेडमी में गरिमामय माहौल के बीच धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

By Aijaz Alam Khan

बस्ती। राजन इंटरनेशनल एकेडमी में देश के राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ किया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे रंगों से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जहां सुबह से ही छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने अनुशासन के साथ सहभागिता निभाई।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की असली ताकत उसका अनुशासित, शिक्षित और देशभक्ति से ओत-प्रोत युवा वर्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने, देश प्रेम के प्रति निष्ठावान रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की नींव होते हैं।
कार्यक्रम के अगले क्रम में शिक्षा जगत के ‘मालवीय’ कहे जाने वाले स्वर्गीय सूर्यनारायण चतुर्वेदी एवं भारत माता के चित्र पर विद्यालय की प्रबंध निदेशिका शिखा चतुर्वेदी द्वारा दीप प्रज्वलित किया गया। इसके पश्चात उन्होंने देशभक्ति गीतों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की औपचारिक घोषणा की।


विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, समूह नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रमों के माध्यम से आज़ादी के संघर्ष, शहीदों के बलिदान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।


इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य शानू एंटोनी ने अपने संबोधन में कहा कि अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रप्रेम ही सच्ची शिक्षा की पहचान है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे न केवल पढ़ाई में उत्कृष्टता हासिल करें बल्कि अच्छे नागरिक बनकर देश की सेवा करें।


कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन जितेन्द्र यादव द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे समारोह को व्यवस्थित एवं रोचक बनाए रखा। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।


समारोह में उपस्थित अभिभावकों एवं आमंत्रित अतिथियों ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा और विद्यालय द्वारा किए गए आयोजन की सराहना करते हुए इसे एक प्रेरणादायक एवं यादगार आयोजन बताया।

रिपोर्ट: परमानन्द मिश्रा
AKP News 786