बस्ती। जनपद बस्ती के थाना गौर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सावंडीह (हरिजन पुरवा) से अपहृत बालक को पुलिस ने त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में अपहरण की साजिश में शामिल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 26 जनवरी 2026 को ग्राम सावंडीह निवासी बालक सतीश के अपहरण की सूचना प्राप्त होने पर थाना गौर पर मु0अ0सं0 17/2026 धारा 192(2), 115(2), 352, 140(1), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गौर पुलिस, थाना वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट, एसओजी व सर्विलांस टीम को संयुक्त रूप से लगाया गया।
लगातार दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई सघन कार्रवाई के फलस्वरूप पुलिस टीम ने अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही अपहरण कांड में संलिप्त सात अभियुक्तों को 27 जनवरी 2026 को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया गया। सभी अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में
विकास पुत्र फूलचंद शर्मा, रूपेश पुत्र पूरण कुमार, मुबारक पुत्र निवास अली, अब्दुल कलाम पुत्र अब्दुल रहमान, सनोज चौधरी पुत्र प्रेमचंद्र, इसरार पुत्र इब्राहिम तथा दिलशाद पुत्र यासीन शामिल हैं।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष गौर संतोष कुमार, थानाध्यक्ष वाल्टरगंज शशांक कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास यादव, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक शेषनाथ यादव सहित थाना गौर, स्वाट, एसओजी एवं सर्विलांस टीम के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक जनपद बस्ती द्वारा संयुक्त पुलिस टीम की तत्परता, समन्वय और कुशल कार्यवाही की सराहना की गई है।
रिपोर्ट : परमानन्द मिश्रा
