जनपद बस्ती में पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का सफल अनावरण करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना गौर, थाना परसरामपुर, एसओजी टीम एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्यवाही में संपत्ति बंटवारे व पारिवारिक द्वेष में की गई हत्या के मामले में वांछित 02 बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया, जबकि 03 अभियुक्तों को घटना में प्रयुक्त आला-ए-कत्ल के साथ गिरफ्तार किया गया है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक, बस्ती ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर लगातार दबिश दी गई, जिसके परिणामस्वरूप सभी नामजद अभियुक्तों को पकड़ने में सफलता मिली।
पूछताछ में सामने आया कि हत्या की जड़ में संपत्ति का विवाद और लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक द्वेष था। पुलिस ने मौके से बरामद साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत किया है, वहीं विधि से संघर्षरत बाल अपचारियों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : परमानंद मिश्रा
AKP NEWS 786
