राजन इंटरनेशनल एकेडमी, बस्ती में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षा जगत के ‘मालवीय’ कहे जाने वाले स्वर्गीय सूर्य नारायण चतुर्वेदी एवं विद्या, बुद्धि और कला की देवी मां सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।
मुख्य अतिथि खलीलाबाद के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने फीता काटकर दो दिवसीय खेल महाकुंभ का औपचारिक उद्घाटन किया।
उद्घाटन के साथ ही विद्यालय परिसर खेल भावना, अनुशासन और उमंग से सराबोर नजर आया। छात्रों द्वारा मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियों की गूंज के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद का समन्वय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य है। खेल न केवल शारीरिक क्षमता को मजबूत करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक-निदेशक राकेश चतुर्वेदी, निदेशिका शिखा चतुर्वेदी, प्रधानाचार्य शानू एंटोनी एवं कार्यकारी निदेशक संजीव पाण्डेय ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता में प्ले-वे से लेकर इंटरमीडिएट तक के विद्यार्थियों के लिए लगभग 70 विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है। आयोजन का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन जितेन्द्र यादव द्वारा किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, ऊर्जा और खेल भावना की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
इस मौके पर विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारीगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से पुनीता पाण्डेय, राम स्वरूप यादव, अमित मिश्रा, सौरभ पाण्डेय, शुभम पटेल, शिवांश उपाध्याय, देविका गुप्ता, रेखा श्रीवास्तव, प्रमिला शुक्ला, आकृति साहू, दीपांजलि, पूनम गुप्ता, शिप्रा, सुषमा, रजनी श्रीवास्तव, स्वेता त्रिपाठी, फातिमा सिद्दिकी, दिव्या, संजू गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : परमानंद मिश्रा
AKP NEWS 786
