Breaking
17 Apr 2026, Fri

पारिवारिक रंजिश में हत्या का सनसनीखेज खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, 2 बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

By Aijaz Alam Khan

बस्ती। जनपद में संपत्ति बंटवारे को लेकर उपजे पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। थाना गौर क्षेत्र में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए 03 अभियुक्तों को आला-ए-क़त्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 02 बाल अपचारियों को विधिसम्मत तरीके से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।


थाना गौर, थाना परसरामपुर पुलिस के साथ एसओजी एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी 22/23 दिसंबर की रात थाना गौर क्षेत्र अंतर्गत सांवडीह मोड़ के पास से की गई।
क्या है पूरा मामला
19 दिसंबर 2025 को बेलवरिया जंगल, बच्चूलाल का पुरवा निवासी धर्मेन्द्र कुमार (45) पर अज्ञात हमलावरों ने बेसबॉल डंडे से जानलेवा हमला कर दिया था। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें पहले सीएचसी गौर और फिर जिला अस्पताल बस्ती ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
शुरुआत में मामला अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया, लेकिन पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सर्विलांस और जमीनी जांच के आधार पर हत्याकांड की परतें खोल दीं। जांच में सामने आया कि हत्या की वजह संपत्ति बंटवारे और पारिवारिक द्वेष था।
आरोपियों के कब्जे से बरामद
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 02 डंडे, 02 मोटरसाइकिल और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है, जो हत्या में अहम साक्ष्य माने जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपी
मोहन कुमार, जितेन्द्र कुमार और आशीष मौर्य को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल 02 बाल अपचारियों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।
धाराएं बढ़ीं, कार्रवाई तेज
पुलिस ने विवेचना के दौरान मामला हत्या की धारा में तरमीम कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस खुलासे में थाना गौर, थाना परसरामपुर, एसओजी और सर्विलांस टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस की तत्परता से न केवल हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ है।

रिपोर्ट: परमानंद मिश्रा
AKP NEWS 786