Breaking
17 Apr 2026, Fri

बढ़ती ठंड में सतर्कता जरूरी, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. वर्मा ने किया आगाह

By Aijaz Alam Khan

बस्ती: ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. वर्मा ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में विशेष रूप से बच्चे और बुजुर्गों को ठंड से बचाना बेहद आवश्यक है, क्योंकि इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी जोखिम कई गुना बढ़ जाते हैं।


डॉ. वर्मा ने बताया कि ठंड बढ़ने पर शरीर की नसें सिकुड़ जाती हैं, जिससे रक्त संचार प्रभावित होता है और कई गंभीर बीमारियों का खतरा पैदा हो जाता है। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में फालिज (पैरालिसिस) के मामलों में वृद्धि देखी जाती है, वहीं हार्ट से जुड़े मरीजों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है।


उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ठंड के कारण ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है, जो हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्थिति का कारण बन सकता है। ऐसे में लोगों को पूरी सतर्कता के साथ दिनचर्या अपनानी चाहिए।
डॉ. वी.के. वर्मा ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने, सुबह और देर रात अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी। बच्चों को टोपी, मोजे और स्वेटर पहनाकर रखने पर विशेष जोर दिया गया, जबकि बुजुर्गों को नियमित रूप से अपनी दवाइयों का सेवन करते रहने की हिदायत दी गई।
अंत में उन्होंने कहा कि सर्दी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सावधानी और सतर्कता ही है। समय रहते अपनाई गई सावधानी गंभीर बीमारियों से बचा सकती है।

रिज़वान खान की रिपोर्ट
AKP News 786