जनपद बहराइच के डीएम चौराहा स्थित महिला थाना के निकट मार्ग प्रशासनिक लापरवाही का शिकार बना हुआ है। इंटरलॉकिंग के नाम पर महीनों पहले सड़क की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन आज तक इंटरलॉकिंग का कार्य पूरा नहीं हो सका। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है, जहां आए दिन ऑटो व अन्य वाहन अनियंत्रित होकर पलट जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार खुदाई के बाद सड़क को खुला छोड़ दिया गया, जिससे गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ सतह बन गई है। खासकर ऑटो चालकों, स्कूली वाहनों और दोपहिया वाहन सवारों के लिए यह रास्ता बेहद खतरनाक हो गया है। कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक बेपरवाह बना हुआ है।
महिला थाना जैसे संवेदनशील स्थान के पास सड़क की यह दुर्दशा प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इंटरलॉकिंग कार्य पूर्ण कर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि रोज़मर्रा की आवाजाही करने वालों को राहत मिल सके।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन कब इस गंभीर लापरवाही पर संज्ञान लेता है और कब तक यह रास्ता हादसों से मुक्त हो पाता है।
इमरान खान की रिपोर्ट
AKP News 786
