महुआ डाबर संग्रहालय 2025
बस्ती जनपद के बहादुरपुर ब्लॉक में स्थित महुआ डाबर संग्रहालय केवल एक इमारत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम के उस अध्याय का जीवंत दस्तावेज है, जिसे औपनिवेशिक सत्ता ने योजनाबद्ध ढंग से मिटाने का प्रयास किया। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के विरुद्ध सशस्त्र प्रतिरोध करने वाला यह गांव अंग्रेजी क्रूरता का शिकार हुआ। गांव को जला दिया गया, हजारों ग्रामीणों की हत्या कर दी गई और सरकारी रिकॉर्ड में इसे ‘गैर-चिरागी’ घोषित कर दिया गया, ताकि इतिहास में इसका नाम भी न बचे।

महुआ डाबर संग्रहालय इसी दबाए गए इतिहास को पुनः सामने लाने का सतत प्रयास है। पिछले ढाई दशकों से यह संग्रहालय शोध, दस्तावेजीकरण और जनसंवाद के माध्यम से उस जनसंहार और बलिदान की कथा को जीवित रखे हुए है। यहां संरक्षित ब्रिटिशकालीन अभिलेख, हथियार, सिक्के, दुर्लभ दस्तावेज और मौखिक इतिहास की सामग्री 1857 की क्रांतिकारी चेतना को प्रमाणिक रूप में प्रस्तुत करती है।
वर्ष 2025 महुआ डाबर संग्रहालय के लिए असाधारण रूप से स्मरणीय रहा।

यह वर्ष संग्रहालय की गतिविधियों, आयोजनों और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान का साक्षी बना। 3 और 4 फरवरी को गोरखपुर के सेंट एंड्रयूज पीजी कॉलेज में चौरी-चौरा जनविद्रोह पर आधारित दुर्लभ दस्तावेजों की प्रदर्शनी और विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इस आयोजन ने छात्रों और शोधार्थियों को जनआंदोलनों के वास्तविक स्वरूप से परिचित कराया।

फरवरी के अंत में शाहजहांपुर में आयोजित काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह ने काकोरी को केवल एक घटना नहीं, बल्कि संगठित क्रांतिकारी रणनीति के रूप में स्थापित किया। 10 जून को महुआ डाबर क्रांति स्थल पर शस्त्र सलामी, मशाल जुलूस, स्वास्थ्य शिविर और संकल्प सभा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी रही।
3 जुलाई को ‘हजारों शहीदों की जमींदोज बस्ती’ स्मरण दिवस ने इतिहास की उस पीड़ा को स्वर दिया, जिसे वर्षों तक दबाया गया। 27 जुलाई को आयोजित वेबीनार में इतिहासकार प्रो. अनिल कुमार ने उत्खनित साक्ष्यों के आधार पर महुआ डाबर के इतिहास को अकादमिक दृष्टि से प्रस्तुत किया। 3 अगस्त को लतीफ अंसारी की जुबानी मौखिक इतिहास संवाद ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही स्मृतियों को दर्ज किया।
अगस्त में लखनऊ स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित काकोरी शताब्दी समारोह ने महुआ डाबर संग्रहालय को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया। 14 अगस्त को संग्रहालय में काकोरी शताब्दी विशेषांक का विमोचन स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ऐतिहासिक प्रतीक बन गया।
सितंबर से अक्टूबर तक कानपुर में कर्मवीर सुंदरलाल से गणेश शंकर विद्यार्थी तक चली स्मृति-श्रृंखला, नवंबर और दिसंबर में अयोध्या, गोरखपुर और प्रयागराज के कारागारों व शहीद स्थलों पर आयोजित प्रदर्शनों और मशाल मार्चों ने स्वतंत्रता संग्राम की चेतना को जन-जन तक पहुंचाया।
साहित्य और प्रसारण के क्षेत्र में भी 2025 महुआ डाबर के लिए उल्लेखनीय रहा। ‘मेहंदी में तलवार’ और ‘काकोरी डकैती’ जैसे ग्रंथों में संग्रहालय की टिप्पणी का प्रकाशन तथा आकाशवाणी का विशेष रूपक प्रसारण इसकी बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है।
वर्ष 2025 ने यह सिद्ध कर दिया कि महुआ डाबर केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य की प्रेरणा है—एक ऐसा स्थल, जहां इतिहास बोलता है और चेतना जागती है।
रिज़वान खान की रिपोर्ट
AKP News 786
