Breaking
23 Jul 2026, Thu

अग्निवीर नरेंद्र कुमार यादव को श्रद्धांजलि देने पहुंचे मनीष मिश्रा, आर्थिक सहायता, नौकरी और आवास निर्माण का लिया संकल्प

By Editor Aijaz Alam Khan

बस्ती। नगर पंचायत मुंडेरवा क्षेत्र के वीर सपूत अग्निवीर नरेंद्र कुमार यादव के सर्वोच्च बलिदान को नमन करने के लिए पहल सोशल वेलफेयर एंड एजूकेशनल सोसायटी के संस्थापक मनीष मिश्रा उनके पैतृक आवास पहुंचे। उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा।


श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मनीष मिश्रा ने शहीद परिवार के प्रति हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, परिवार के एक सदस्य को रोजगार दिलाने तथा उनके आवास पर दो कमरों का निर्माण अपने स्तर से कराने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यह केवल सहायता नहीं, बल्कि समाज के प्रति उनका नैतिक दायित्व है।
मनीष मिश्रा ने कहा कि भविष्य में भी शहीद परिवार को किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो वह हर समय उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी ऐसे परिवारों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि देश के वीर जवानों के परिवारों को कभी अकेला महसूस नहीं होने देना चाहिए।
इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने मनीष मिश्रा की इस पहल की सराहना की। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि बिना किसी राजनीतिक पद या सरकारी जिम्मेदारी के वह लगातार शिक्षा, सामाजिक सेवा और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए कार्य कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि उनकी “बस्ती बेस टू स्पेस” की सोच समाज को आगे बढ़ाने का एक सकारात्मक अभियान बनती जा रही है।
उल्लेखनीय है कि अग्निवीर नरेंद्र कुमार यादव के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। नगर पंचायत मुंडेरवा के उमरी अहरा गांव में अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी और “भारत माता की जय” तथा “वीर जवान अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा। नम आंखों से लोगों ने अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देते हुए उनके अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
अंत में मनीष मिश्रा ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शहीद अग्निवीर नरेंद्र कुमार यादव का परिवार भविष्य में स्वयं को कभी अकेला महसूस नहीं करेगा और समाज का हर संवेदनशील व्यक्ति उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

रिपोर्ट: रिजवान खान