Breaking
22 Jul 2026, Wed

अवैध अतिक्रमण पर चला नगर पालिका का बुलडोज़र, कवाबची गली में सख़्त कार्रवाई

By Aijaz Alam Khan

बहराइच | शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के अभियान के तहत नगर पालिका परिषद बहराइच ने गुरुवार को कवाबची गली, घंटाघर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण पर नगर पालिका का बुलडोज़र चला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रमिता सिंह की मौजूदगी में की गई।


प्रशासन के अनुसार, घंटाघर से सटे कवाबची गली में लंबे समय से सड़क और नालियों पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद नगर पालिका ने सख़्त रुख अपनाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
ईओ प्रमिता सिंह ने मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी की और स्पष्ट किया कि नगर पालिका पिछले एक सप्ताह से अतिक्रमण के खिलाफ “एक्शन मोड” में है। उन्होंने कहा कि “शहर की सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। बुलडोज़र चलते ही सड़क पर बना अस्थायी ढांचा और बढ़ाया गया अतिक्रमण हटाया गया, जिससे आवागमन सुचारु हुआ।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम और गंदगी की समस्या बनी रहती थी। नगर पालिका की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नगर पालिका परिषद ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह की सख़्त कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण करने वालों को स्वयं कब्जा हटाने की अंतिम सलाह दी गई है, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।


इमरान खान की रिपोर्ट
AKP News 786