Breaking
17 Apr 2026, Fri

जनसुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, बस्ती में सघन चेकिंग अभियान

By Aijaz Alam Khan

बस्ती | ठंड के मौसम में चोरी, नकबजनी, लूटपाट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए बस्ती प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से कमर कस ली है। जनपद में अपराध नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मण्डलायुक्त बस्ती मण्डल, पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।


इस क्रम में थाना कोतवाली क्षेत्र सहित जनपद के विभिन्न हिस्सों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। अभियान के तहत प्रमुख चौराहों, प्रवेश एवं निकास मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों तथा मुख्य सड़कों पर नाकाबंदी कर पुलिस टीमों ने सख्ती से चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान बिना दस्तावेज चल रहे वाहनों, ओवरलोडिंग, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट एवं बीमा की कमी, नियम विरुद्ध पार्किंग जैसी अनियमितताओं पर तत्काल विधिक कार्रवाई करते हुए चालान की कार्यवाही की गई। साथ ही ठंड के मौसम में सक्रिय होने वाले चोर-उचक्कों, नकबजनी गिरोहों एवं अन्य असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी गई।


इसी अभियान के अंतर्गत जनपद बस्ती के सभी थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं उनकी टीमों द्वारा अपने-अपने इलाकों में महत्वपूर्ण प्वाइंट्स पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।


पुलिस अधीक्षक बस्ती ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे अभियान और गश्त आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा, “जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” साथ ही जनपदवासियों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल-112 पर दें।
प्रशासन और पुलिस की इस सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है और अपराधियों में खौफ का माहौल बना है।

रिपोर्ट : परमानन्द मिश्रा

AKP News 786