बस्ती, 17 जुलाई 2026। बस्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना हरैया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 7.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी के औजार, चार एंड्रॉयड मोबाइल और 32,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बभनान रोड पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना हरैया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। इस दौरान तीन अभियुक्त मौके से पकड़ लिए गए, जबकि दो अन्य मोटरसाइकिल से भागने लगे।
भागते समय उनकी बाइक फिसल गई। इसी दौरान अभियुक्त सुजीत पासी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिसमें सुजीत के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इन थाना क्षेत्रों की चोरियों का हुआ खुलासा
पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने हरैया, दुबौलिया, कप्तानगंज और गौर थाना क्षेत्रों में दर्ज कई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण किया है। बरामद सामान में करीब 33 ग्राम सोने तथा 1.2 किलोग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सीतापुर सहित बाहरी जिलों से मजदूर बनकर नए क्षेत्रों में पहुंचते थे। पहले गांवों की रेकी करते, फिर देर रात एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद तुरंत अपना ठिकाना बदल देते और 100 से 200 किलोमीटर दूर चले जाते थे, ताकि पुलिस आसानी से उन तक न पहुंच सके। चोरी का सामान सस्ते दामों में बेचकर पैसे मौज-मस्ती और शराब में खर्च कर देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्त
जगतू पुत्र रामधार (सीतापुर)
सर्वेश चौहान पुत्र रामप्रसाद (सीतापुर)
रामजी चौरसिया पुत्र पप्पू (सीतापुर)
सुधाकर पुत्र रामप्रसाद (सीतापुर)
सुजीत पासी पुत्र मोहनलाल (सीतापुर)
पुलिस के अनुसार, गिरोह के कई सदस्यों पर हरदोई, सीतापुर, खीरी समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिला इनाम
इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक बस्ती ने गिरफ्तारी करने वाली थाना हरैया, स्वाट और सर्विलांस टीम को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बस्ती पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के समय की सबसे बड़ी चोरी के खुलासों में माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।