उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसा वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के हरदिया पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर और टेम्पो के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

इस हादसे में मालवीय रोड स्थित ए वन बुटीक की संचालिका 45 वर्षीय प्रीति शुक्ला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनके पति बृजेश शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दुर्घटना में नगर थाना क्षेत्र के खड़ौआ निवासी 25 वर्षीय अमरजीत पुत्र मेहीलाल की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अमरजीत जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी के रिश्तेदार थे। हादसे में एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई है, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है।
भीषण टक्कर में कुल छह लोग घायल हुए थे, जिनमें से तीन ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री महेश शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी और सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर दो शवों का रात में ही पोस्टमार्टम करवाने की व्यवस्था कराई।
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

