
बस्ती में “युवा सृजन एवं नवाचार महोत्सव–2026” का भव्य आयोजन
बस्ती। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गोरक्ष प्रांत – बस्ती विभाग द्वारा युवा सृजन एवं नवाचार महोत्सव 2026 बस्ती का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। इस महोत्सव में बस्ती मंडल के अंतर्गत बस्ती एवं संत कबीर नगर जनपद से 400 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान 80 से अधिक नवाचार आधारित मॉडल प्रस्तुत किए गए, जिनमें विज्ञान, तकनीक, ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, कृषि एवं सामाजिक समस्याओं से जुड़े समाधान प्रमुख रूप से देखने को मिले। यह आयोजन युवाओं की रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त मंच बना।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नवाचार की संस्कृति विकसित करना रहा। विशेषज्ञों की समिति द्वारा सभी मॉडलों का मूल्यांकन कर शीर्ष 20 नवाचार मॉडलों का चयन किया गया, जिन्हें कुल 30,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्रतियोगिता के विजेता
जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान सरस्वती विद्या मंदिर, रामबाग (बस्ती) के सचिन, सर्वेश एवं दिव्यांशु को प्राप्त हुआ। द्वितीय स्थान रामबाग (बस्ती) के अथर्व, आलेख एवं सुजीत तथा तृतीय स्थान GGHSS, बघौली (संत कबीर नगर) के राजन कुमार एवं दिव्यांशु को मिला।
सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान हीरालाल रामनिवास, संत कबीर नगर के अजय कुमार को प्राप्त हुआ। द्वितीय स्थान सावित्री विद्या विहार स्कूल, बस्ती के सुमित तथा तृतीय स्थान लिटिल फ्लावर स्कूल, बस्ती के आर्यन को मिला।

विशिष्ट अतिथियों के विचार
इस अवसर पर इसरो के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. विजय कुमार वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं में अपार वैज्ञानिक क्षमता और नवाचार की ऊर्जा है। यदि इस ऊर्जा को सही दिशा और मंच मिले, तो भारत तकनीकी क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व स्थापित कर सकता है।
गोरक्ष प्रांत के प्रांत अध्यक्ष डॉ. राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण की प्रयोगशाला है। ऐसे नवाचार महोत्सव युवाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी बनाते हैं।
प्रांत सविष्कार प्रमुख किशन भूषण सहाय ने कहा कि नवाचार का वास्तविक अर्थ समाज की समस्याओं को समझकर उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करना है। परिषद का यह प्रयास युवाओं के आत्मविश्वास को सशक्त करता है।
RPRD Group of Companies के CEO अनुप चौरसिया ने कहा कि जब शैक्षणिक नवाचार को उद्योग का मार्गदर्शन मिलता है, तभी स्टार्टअप और उद्यमिता को बल मिलता है।
समापन एवं आभार
कार्यक्रम में समाजसेवी दुष्यंत विक्रम सिंह, वी.पी. सिंह, लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह एवं SRPS के प्रधानाचार्य कुमार अभिनव ने भी विचार साझा किए।
कार्यक्रम के संयोजक मारुत पाण्डेय, सह-संयोजक स्निग्धा एवं शिवेंद्र रहे। अंत में डॉ. अभिषेक कुमार सिंह द्वारा आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का समापन युवाओं में नवाचार, वैज्ञानिक चेतना एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ किया गया।
रिजवान खान की रिपोर्ट
