प्रदेश में बढ़ते कोहरे और शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और नगर निकायों को निर्देशित किया है कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोता न मिले, इसके लिए लगातार निरीक्षण किया जाए।

सीएम योगी ने कहा कि शीतलहर के दौरान निराश्रितों, जरूरतमंदों और बेघर लोगों की समुचित व्यवस्था शासन की प्राथमिकता है। रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए और वहां हीटर, अलाव तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने गोशालाओं में गोवंश को ठंड से बचाने के लिए अलाव और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने और जरूरतमंदों को लगातार कंबल वितरण के निर्देश भी दिए गए हैं। सीएम ने स्पष्ट किया कि अधिकारी फील्ड में रहकर सतर्कता बरतें, जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
रिज़वान खान की रिपोर्ट
AKP News 786
