Breaking
17 Apr 2026, Fri

शीतलहर व घने कोहरे के चलते यूपी में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय चार दिन रहेंगे बंद

By Aijaz Alam Khan

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जारी कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा एहतियाती फैसला लिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनज़र प्रदेश भर में कक्षा 1 से 12 तक के सभी प्रकार के विद्यालयों को चार दिनों के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेश में संचालित परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, राजकीय एवं अन्य समस्त बोर्डों के विद्यालय दिनांक 29 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक पूर्णतः बंद रहेंगे। यह आदेश छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस निर्देश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही या आदेश की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु आदेश की प्रति प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों, शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक/माध्यमिक) प्रयागराज, सचिव उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज, समस्त संयुक्त शिक्षा निदेशकों एवं सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेज दी गई है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई जिलों में अत्यधिक ठंड, शीतलहर और घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम होने से स्कूली बच्चों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में शिक्षा विभाग का यह निर्णय अभिभावकों और शिक्षकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है।
शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जनपदों में आदेश का सख्ती से पालन कराना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या जोखिम से बचा जा सके।