जनपद बस्ती में महिला थाना पुलिस ने एक बार फिर मानवीय और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। “ऑपरेशन साथ-साथ – टूटते परिवारों को जोड़ने की एक पहल” के तहत महिला थाना पुलिस ने अलग-अलग रह रहे एक पति-पत्नी के बिछड़े रिश्ते को फिर से जोड़ने में सफलता हासिल की।
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक डा० शालिनी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक मतभेदों को गंभीरता से सुना और समझदारी, धैर्य व संवेदनशीलता के साथ दोनों पक्षों को संवाद के लिए प्रेरित किया। विभिन्न कारणों से उपजे मनमुटाव के चलते दोनों पिछले कई महीनों से साथ रहने को तैयार नहीं थे।

महिला थाना परिसर में लगातार काउंसलिंग और समझाने-बुझाने के प्रयासों के बाद आखिरकार दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से अपने मतभेद भुलाकर साथ रहने का निर्णय लिया। इस दौरान महिला थाना पर विधिवत सुलह-समझौता भी कराया गया।
अंततः पति-पत्नी को महिला थाना से राज़ी-खुशी एक साथ विदा किया गया, जिससे न सिर्फ एक परिवार फिर से जुड़ा, बल्कि समाज में पुलिस की सकारात्मक और सहयोगी भूमिका भी सामने आई।
👉 महिला थाना बस्ती की यह पहल निस्संदेह टूटते रिश्तों को बचाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।
रिपोर्ट : परमानन्द मिश्रा
