Breaking
21 Jul 2026, Tue

Abhay Pratap Singh Assembly Election: BJP नेता ने विधानसभा चुनाव लड़ने की जताई इच्छा

By Editor Aijaz Alam Khan

Abhay Pratap Singh: अवसर मिला तो विधानसभा चुनाव मैदान में उतरेंगे, संगठन के 24 वर्षों का बताया अनुभव

बस्ती: भारतीय जनता पार्टी की कार्यकारिणी के सदस्य एवं हिंदू युवा वाहिनी के वरिष्ठ कार्यकर्ता अभय प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने अपने 24 वर्षों के संगठनात्मक जीवन का उल्लेख करते हुए आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें अवसर देता है तो वह संगठन की विचारधारा और जनसेवा के अनुभव के आधार पर क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

अभय प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष 2002 से वह हिंदू युवा वाहिनी के माध्यम से राष्ट्र, धर्म और समाज सेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने नगर अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और जिला संयोजक सहित कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली और बस्ती सहित कई जनपदों में संगठन विस्तार और हिंदुत्व के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाई।

35 हजार लोगों की मौजूदगी में हुई थी हिंदू चेतना रैली

अभय प्रताप सिंह ने बताया कि परमपूज्य योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में बस्ती में विशाल हिंदू चेतना रैली और भव्य कार्यक्रम का आयोजन कराया गया था, जिसमें लगभग 35 हजार लोगों ने भाग लिया। उन्होंने इसे संगठन की बड़ी उपलब्धियों में शामिल बताया।

संगठन विस्तार को दी नई दिशा

जिला अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बस्ती जिले के सभी 14 विकास खंडों, नगर के 25 वार्डों तथा तहसील से लेकर न्याय पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार किया गया। इसके साथ ही गौरीदत्त धर्मशाला में महाराज जी की उपस्थिति में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का भी सफल आयोजन कराया गया।

सामाजिक समरसता पर रहा विशेष जोर

उन्होंने कहा कि संगठन ने हमेशा सामाजिक समरसता को प्राथमिकता दी। हरिजन बस्तियों में नियमित रूप से समरसता भोज का आयोजन किया गया और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया गया। उनके कार्यकाल में शुरू किया गया फलाहार कार्यक्रम आज बस्ती की पहचान बन चुका है और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी आयोजित किया जा रहा है।

24 वर्षों के संगठनात्मक जीवन का किया उल्लेख

अभय प्रताप सिंह ने कहा कि उन्होंने पिछले 24 वर्षों में एक समर्पित, कर्मठ और अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में संगठन की सेवा की है। समाज के सभी वर्गों से उन्हें सम्मान और विश्वास मिला है, जिसे वह अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानते हैं।

विधानसभा चुनाव लड़ने की जताई इच्छा

उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें जिम्मेदारी देता है, तो वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करेंगे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि रहेगा और वह हमेशा संगठन के अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहेंगे।

जनसेवा और संगठन को बताया प्राथमिकता

अभय प्रताप सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी जिस भी जिम्मेदारी का निर्वहन करने का अवसर देगी, उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।

AKP News 786 पर बस्ती, उत्तर प्रदेश और राजनीति से जुड़ी हर बड़ी और विश्वसनीय खबर सबसे पहले पढ़ते रहें।

रिपोर्ट : रिज़वान खान

AKP News 786