Breaking
5 Sep 2026, Sat

इटवा थाना में डीआईजी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के सख़्त निर्देश

By Aijaz Alam Khan

सिद्धार्थनगर। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र श्री संजीव त्यागी ने रविवार, 18 जनवरी 2026 को थाना इटवा का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीएनएस कार्यालय, बंदीगृह तथा सम्पूर्ण थाना परिसर का बारीकी से जायज़ा लिया।
डीआईजी ने थाना कार्यालय के अभिलेखों की समीक्षा करते हुए सभी रजिस्टर व प्रविष्टियों को अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित विवेचनाओं व प्राप्त आदेशों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही थाना परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने और ऑपरेशन क्लीन के तहत माल मुकदमाती व लावारिस वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।


निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने ग्राम चौकीदारों से संवाद स्थापित कर उनके कर्तव्यों व दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने चौकीदारों को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने और समय पर पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए ग्राम चौकीदारों को कंबल वितरित कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय भी दिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार प्रसाद, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर श्री विश्वजीत सौरयान, क्षेत्राधिकारी इटवा श्री पवीन प्रकाश, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज श्री बृजेश कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक इटवा श्री रविंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।
रिपोर्ट: परमानन्द मिश्रा
AKP News 786