बस्ती : शहर में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को देखते हुए नगर पालिका की पशु कैप्चर टीम लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में एपीएन पीजी कॉलेज गेट के पास एक सांड को पशु कैप्चर गाड़ी में लादने की कार्रवाई की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सांड काफी समय से सड़क पर घूम रहा था, जिससे राहगीरों, छात्र-छात्राओं और वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। अचानक सड़क पर आने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी।
हालांकि मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि सांड को गाड़ी में लादने के दौरान पशु को काफी परेशानी हो रही थी। लोगों ने यह भी बताया कि टीम को पशु को नियंत्रित करने में कठिनाई का सामना करना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए आसपास खतरे जैसी स्थिति बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पशु कैप्चर टीम को और अधिक प्रशिक्षित एवं ट्रेंड होने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की कार्रवाई सुरक्षित, तेज और पशुओं के प्रति संवेदनशील तरीके से की जा सके।
स्थानीय लोगों ने कहा कि आवारा पशुओं की समस्या से राहत मिलना जरूरी है, लेकिन कार्रवाई के दौरान सुरक्षा और पशुओं के प्रति मानवीय व्यवहार का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
रिपोर्ट : रिज़वान खान
