कांशीराम जयंती परिवर्तन दिवस

कांग्रेस ने कांशीराम जयंती को ‘परिवर्तन दिवस’ के रूप में मनाया, भारत रत्न देने की उठी मांग
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में कांशीराम जयंती परिवर्तन दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मान्यवर कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग उठाई।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
एनर्जी सेक्टर के हालात और खराब होने की आशंका
राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने देश की एनर्जी सिक्योरिटी से समझौता कर लिया है। उन्होंने कहा कि अब अमेरिका यह तय कर रहा है कि भारत तेल कहां से खरीदेगा। उन्होंने देश को आगाह करते हुए कहा कि आने वाले समय में एनर्जी सेक्टर के हालात और भी खराब हो सकते हैं।
कांशीराम समाज में बराबरी की बात करते थे
राहुल गांधी ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने हमेशा समाज में बराबरी और सामाजिक न्याय की बात की। उन्होंने कहा कि अगर आज पंडित जवाहरलाल नेहरू जीवित होते तो संभव है कि कांशीराम कांग्रेस के मुख्यमंत्री होते।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत का संविधान महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम की सोच और आवाज को दर्शाता है। उनके विचार आज भी समाज को बराबरी और न्याय की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
भारतीय व्यापार नीति पर भी उठाए सवाल
राहुल गांधी ने भारतीय व्यापार नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लगभग 9 लाख करोड़ रुपये के अमेरिकी माल के आयात से देश के छोटे और मध्यम व्यापारियों पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय व्यापार कमजोर हो सकता है।
कार्यकर्ताओं से विचारधारा के लिए लड़ने की अपील
राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें विचारधारा के लिए मजबूती से लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को ऐसे 100 समर्पित कार्यकर्ताओं की जरूरत है जो बिना किसी समझौते के राजनीति को बदलने के लिए संघर्ष करने को तैयार हों।
समाज को 15 और 85 में बांटने का आरोप
अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने कांशीराम की शैली में पेन और उसका ढक्कन दिखाते हुए कहा कि कांशीराम चाहते थे कि बहुसंख्यक आबादी को उसका हक मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में समाज को 15 और 85 के हिस्सों में बांट दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सत्ता और संसाधनों का लाभ केवल 15 प्रतिशत लोगों तक सीमित है, जबकि 85 प्रतिशत आबादी को उसका उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के बड़े उद्योगों, न्यायपालिका और कार्यपालिका के शीर्ष पदों पर भी इस असमानता को देखा जा सकता है।
कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग
कार्यक्रम के दौरान कई वक्ताओं ने मान्यवर कांशीराम के योगदान को याद करते हुए उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग की। नेताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय और दलित-बहुजन समाज के अधिकारों के लिए कांशीराम का योगदान ऐतिहासिक रहा है और देश को उनके योगदान का सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने कांशीराम के विचारों को आगे बढ़ाने और सामाजिक बराबरी के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
रिजवान खान की रिपोर्ट
AKP News 786
