Breaking
17 Apr 2026, Fri

कोहरे को लेकर प्रशासन सख्त, हाईवे पर बढ़ी पेट्रोलिंग — 5.75 लाख की वसूली

By Aijaz Alam Khan

बस्ती: शीत ऋतु में घने कोहरे से घटती दृश्यता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक एनएचएआई, परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और लोक निर्माण विभाग को कोहरा प्रभावित कॉरिडोर एवं दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हाईवे पर एम्बुलेंस, क्रेन और फायर टेंडर की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।
सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सोलर हाई मास्ट लाइट, एंटी-फॉग लाइट, लेन मार्किंग, रिफ्लेक्टर-डेलिनेटर, कैट आई और रेट्रो-रिफ्लेक्टिव साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क किनारे खड़े या खराब वाहनों को तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थलों पर खड़ा कराने के लिए प्रभावी पेट्रोलिंग और क्रेन के उपयोग पर भी जोर दिया गया है। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में शत-प्रतिशत रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाने और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से वाहन चालकों को लगातार सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।


इन निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध पार्किंग और गन्ना लदे ओवरहाइट ट्रकों के खिलाफ सात वाहनों का चालान किया गया। वहीं, हाईवे किनारे स्थित यूरिया पंप मालिकों को भी अपने टैंक और उपकरण तत्काल राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा से हटाने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन के अनुसार दिसंबर माह में 23 दिसंबर 2025 तक ओवरलोडिंग के 29, बिना रिफ्लेक्टर के 58, गन्ना लदे/ओवरहाइट के 67 और अवैध पार्किंग के 91 मामलों में चालान या निरुद्धीकरण की कार्रवाई की गई है। इस सघन अभियान के तहत कुल 5.75 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूल किया गया।
प्रशासन ने दो टूक कहा है कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और कोहरे के मौसम में दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्ट: रिज़वान खान
AKP News 786