Breaking
23 Jul 2026, Thu

शराब, साजिश और सड़क पर मौत: गल्ला व्यापारी हत्याकांड का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

By Aijaz Alam Khan


जनपद बस्ती के थाना वाल्टरगंज क्षेत्र में गल्ला व्यापारी नीरज सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई।


पुलिस के अनुसार, दिनांक 10 दिसंबर 2025 को गल्ला व्यापारी नीरज सिंह की हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की साजिश रची गई थी। थाना वाल्टरगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0 278/2025 धारा 316(2), 103(1), 238(क) बीएनएस के अंतर्गत मेडिकल रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों एवं परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर घटना का सफल अनावरण किया गया।
आज दिनांक 24 दिसंबर 2025 को सुबह लगभग 6 बजे मानिक चंद से आगे पेट्रोल पंप के पास पुलिया के समीप से मुख्य अभियुक्त लालजी चौधरी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर सह अभियुक्त संजय सिंह को भी कुछ ही देर बाद हिरासत में लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी डिजायर कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि बकाया 9.20 लाख रुपये न देने की नीयत से हत्या की योजना बनाई गई थी। शराब पिलाकर नीरज सिंह को अचेत किया गया, फिर मारपीट कर सड़क किनारे फेंक दिया गया और कार से कुचलकर हत्या को दुर्घटना दिखाने का प्रयास किया गया।
पुलिस की तत्परता और सटीक विवेचना से इस जघन्य हत्या का पर्दाफाश हो सका। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: परमानंद मिश्रा
AKP News 786